हरियाणा

पिछले 9 वर्षों में सिर्फ 4 हजार लोगों को मिली नौकरी: अशोक तंवर

Shantanu Roy
4 Oct 2023 12:03 PM GMT
पिछले 9 वर्षों में सिर्फ 4 हजार लोगों को मिली नौकरी: अशोक तंवर
x
चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने मंगलवार को चंडीगढ़ स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का परिवार जोड़ो अभियान 15 सितंबर से शुरू हुआ था। जिसके तहत आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता 4 हजार से ज्यादा गांव और वार्डों तक 10 लाख से ज्यादा परिवारों तक पहुंच चुके हैं। अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता आम आदमी पार्टी की सरकार की ओर से दिल्ली और पंजाब में किए गए कामों को बारीकी से हरियाणा की जनता को समझा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा के लोग भी मुफ्त बिजली और 24 घंटे बिजली चाहते हैं, हरियाणा के नौजवान रोजगार चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का फोकस लोगों की समस्याओं को समझना और उनके सुख-दुख को समझना है। महंगाई, बरोजगारी की मार और भ्रष्टाचार गांव और वार्डों के विकास को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि हर वर्ग अपने आप को आम आदमी पार्टी की सोच से जोड़कर देख सकता है, क्योंकि ये साधारण परिवारों के लोगों की पार्टी है। इसलिए आम आदमी पार्टी धीरे-धीरे जमीनी स्तर पर हरियाणा के लोगों के बीच में जगह बना रही है और हरियाणा के लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि आज किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा और महिलाओं हर वर्ग खट्टर सरकार के प्रति रोष है।
इसके साथ ही तंवर ने कहा कि परिवार जोड़ो अभियान समाप्त होते ही आम आदमी पार्टी हरियाणा का सबसे बड़ा संगठन खड़ा करेगी। हरियाणा के हर गांव और वार्ड में 21 लोगों की कमेटी का गठन किया जाएगा। परिवार जोड़ो अभियान हरियाणा की राजनीति में मिल का पत्थर साबित होगा। आम आदमी पार्टी की ओर से एक उदाहरण पेश किया जाएगा कि किस तरीके से संगठन बनाया जाता है और लोगों की लड़ाई लड़ी जाती है। इसके अलावा परिवार जोड़ो अभियान को प्रदेश की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
आप नेता ने कहा कि पंजाब में सीएम अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान ने स्वस्थ क्रांति की शुरुआत की है। अच्छे स्कूल और अस्पताल जनता के लिए बनाए जा रहे हैं। अच्छी शिक्षा और स्वस्थ्य पर काम किया जा रहा है। वहीं हरियाणा में स्कूल बंद पड़े हैं, ऐसे कई स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर के विधानसभा क्षेत्र में भी मिल जाएंगे। इसको लेकर आम आदमी पार्टी ने शिक्षा मंत्री का चैलेंज भी किया है कि दिल्ली के स्कूल देखें या फिर हमें हरियाणा के स्कूल दिखाएं। 5 दिन बीतने के बाद भी शिक्षा मंत्री की तरफ से कोई जवाब नहीं आया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर को दिल्ली के स्कूल देखने के लिए आमंत्रित करती है। यदि वह हमें हरियाणा के स्कूल नहीं दिखाते तो आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता खुद जाएंगे और सरकार को बेनकाब करने का काम करेंगे। इसके अलावा प्रदेश के लोग महंगे बिजली के बिलों की मार झेल रहे हैं।
Next Story