हरियाणा

एक बार फिर अलग अंदाज में नजर आए CM मनोहर लाल, यमुनानगर में फुल स्पीड में दौड़ाई बुलेट

Shantanu Roy
26 Jan 2023 6:50 PM GMT
एक बार फिर अलग अंदाज में नजर आए CM मनोहर लाल, यमुनानगर में फुल स्पीड में दौड़ाई बुलेट
x
बड़ी खबर
यमुनानगर। गणतंत्र दिवस के मौके पर यमुनानगर जिले के जगाधरी में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण करने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बाइक चलाकर खूब लुत्फ उठाया। मुख्यमंत्री ने बुलेट पर सवार होकर ग्राउंड का एक चक्कर लगाया। सीएम का यह अवतार देखकर वहां मौजूद दर्शक भी जोश से भर गए। दरअसल राजधानी दिल्ली की तर्ज पर इस बार हरियाणा के यमुनानगर में भी बाइक सवारों ने गणतंत्र दिवस समारोह में अपने जलवे दिखाए। अलग-अलग करतब दिखाते समय बाइक काफी स्पीड से चल रही थी। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी बाइक पर करतब दिखा रहे लोगों को देखकर जोश में आ गए। इस दौरान उन्होंने बाइक चलाने की इच्छा जाहिर की और वह मैदान में जा पहुंचे। अचानक मुख्यमंत्री के मैदान में आने से अधिकारी भी सकते में आ गए। मुख्यमंत्री ने एक बाइकर से बाइक ली और किक मार कर बुलेट को स्टार्ट किया और फुल स्पीड में ग्राउंड का जाकर चक्कर लगाना शुरू कर दिया।
जब मुख्यमंत्री बुलेट पर सवार होकर मैदान का चक्कर लगा रहे थे, तब मैदान में मौजूद अधिकारियों व लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है, जब मोटरसाइकिल के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल का प्यार यूं नजर आया हो, बल्कि इससे पहले भी कई मौकों पर सीएम खट्टर को बाइक चलाते हुए देखा गया है। बीते वर्ष सितंबर में करनाल में रेलवे फुट ओवरब्रिज का उद्घाटन करने के दौरान भी मुख्यमंत्री ने बाइक चलाई थी। उन्होंने करनाल के सांसद संजय भाटिया को अपने पीछे बाइक पर बिठाकर फुट ओवर ब्रिज का एक चक्कर लगाया था। वहीं 2019 में विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान के दौरान पानीपत में निकाली गई विजय संकल्प रैली के दौरान भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बुलेट चलाई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री में उत्साह इतना था कि उन्‍होंने बुलेट चलाते-चलाते ही दोनों हाथ छोड़कर हाथ जोड़ते हुए जनता का अभिवादन स्वीकार किया था। इसके अलावा भी कई मौकों पर सीएम मनोहर लाल को बाइक चलाते हुए देखा गया है और एक बार फिर उन्होंने यमुनानगर के ग्राउंड में फुल स्पीड में बुलेट दौड़ा कर वहां मौजूद लोगों को जोश से भर दिया।
Next Story