सीएम सैनी के दौरे में ड्यूटी से चूके अधिकारी, डीसी ने मांगी अनुशासनात्मक कार्रवाई

हांसी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राखीगढ़ी दौरे के दौरान निर्धारित ड्यूटी में लापरवाही बरतने के मामले में उपायुक्त राहुल नरवाल ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के नारनौंद एसडीओ अजय सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की है। इस संबंध में अतिरिक्त मुख्य सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, चंडीगढ़ को पत्र भेजा गया है।
उपायुक्त की ओर से जारी पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री के 14 अक्टूबर 2026 को निर्धारित राखीगढ़ी दौरे के दौरान प्रशासन ने विभिन्न अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। इसी क्रम में एसडीओ अजय सिंह को लाइजन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्हें निर्धारित व्यवस्थाओं और समन्वय संबंधी दायित्वों का निर्वहन करना था।
मामले में ड्यूटी के प्रति लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने संबंधित अधिकारी से कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। प्राप्त जवाब की जांच के साथ एसडीएम नारनौंद और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, हांसी से भी रिपोर्ट एवं टिप्पणियां ली गईं।
उपायुक्त ने एसडीओ के जवाब और दोनों अधिकारियों की रिपोर्ट को पत्र के साथ अतिरिक्त मुख्य सचिव को भेजा है। उन्होंने उपलब्ध तथ्यों और रिपोर्ट का अवलोकन कर अजय सिंह के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।





