हरियाणा

मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में लामबंद हुई नर्सिंग एसोसिएशन

Admindelhi1
28 Sept 2026 9:41 AM IST
मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में लामबंद हुई नर्सिंग एसोसिएशन
x
ऑनलाइन तबादला नीति के विरोध में नर्सिंग एसोसिएशन की आवाज बुलंद

चंडीगढ़: हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) लागू करने के विरोध में नर्सिंग कैडर ने आंदोलन का ऐलान किया है। साथ ही नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा ने चेतावनी दी है कि अगर इसके बाद भी उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो हड़ताल को आगे भी बढ़ाया जा सकता है।

नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने बताया कि मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में 30 सितंबर और एक अक्टूबर 2026 को सभी जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग स्टाफ काले बिल्ले लगाकर ड्यूटी करेगा। पांच, छह और सात अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार मंत्रियों और अधिकारियों को ज्ञापन देकर नर्सिंग स्टाफ को इस पॉलिसी से होने वाली समस्याओं और कठिनाइयों से अवगत कराया है, लेकिन अभी तक कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया।

एसोसिएशन का दावा है कि पूरे भारत में किसी भी राज्य में नर्सिंग कैडर पर ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू नहीं है। शिक्षा विभाग और अन्य विभागों में महिलाएं केवल दिन की ड्यूटी करती हैं, जबकि नर्सिंग स्टाफ रात-दिन ड्यूटी करता है, इसलिए उन पर यह पॉलिसी लागू नहीं होनी चाहिए। इस पॉलिसी के विरोध में प्रदेश भर के नर्सिंग कैडर ने आंदोलन का फैसला लिया है।

Next Story