हरियाणा

मुबीना हत्याकांड में नूंह पुलिस की कार्रवाई, चार महिलाओं को दबोचा

Admindelhi1
25 Nov 2026 12:09 PM IST
मुबीना हत्याकांड में नूंह पुलिस की कार्रवाई, चार महिलाओं को दबोचा
x
लहरवाड़ी महिला हत्याकांड में बड़ा एक्शन, चार गिरफ्तार आरोपित अदालत में पेश

नूंह: हरियाणा के नूंह जिले के पुन्हाना उपमंडल के लहरवाड़ी गांव में महिला को आग के हवाले कर हत्या करने के मामले में सीआईए पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को सभी आरोपित महिलाओं को पुन्हाना अदालत में पेश किया गया।

मामला सितंबर 2025 का है। जानकारी के अनुसार, गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान मुबीना नाम की महिला को आग के हवाले कर दिया गया था। गंभीर रूप से झुलसी मुबीना को उपचार के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृत्यु से पहले मुबीना ने न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवानी मीणा के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। पुलिस के अनुसार, इन्हीं बयानों और मामले से जुड़े तथ्यों के आधार पर चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं, गिरफ्तार महिलाओं के परिजन हाकम ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि चारों महिलाओं को बयान दर्ज कराने के बहाने बुलाया गया था और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस की आगे की जांच और कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Next Story