हरियाणा

Nuh: नूंह की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल, कांग्रेस 25 अगस्त को करेगी धरना-प्रदर्शन

Admindelhi1
22 Aug 2026 3:43 PM IST
Nuh: नूंह की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल, कांग्रेस 25 अगस्त को करेगी धरना-प्रदर्शन
x
स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग को लेकर नूंह में कांग्रेस का धरना 25 को

नूंह: नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने नल्हड़ मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर आगामी 25 अगस्त को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को अपने कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए आफताब अहमद ने कहा कि पूरे हरियाणा में एसआईआर का कार्य चल रहा है। जिन लोगों ने एसआईआर के दौरान फॉर्म भरे थे और उनमें किसी प्रकार की कमी रह गई थी, उन्हें अब नोटिस प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपने-अपने नोटिस का संबंधित कागजात लगाकर जवाब दें तथा अपने गांव और परिवार के लोगों के भी फार्म भरवाएं, ताकि किसी की वोट के साथ छेड़छाड़ न हो सके।

विधायक ने कहा कि नल्हड़ मेडिकल कॉलेज की बिगड़ती स्थिति को लेकर वह लंबे समय से विधानसभा से लेकर उच्च अधिकारियों तक आवाज उठा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था में सुधार के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त डॉक्टर और दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं तथा मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। मेडिकल कॉलेज अब महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा।

आफताब अहमद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त डॉक्टर और दवाइयां उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की मांग को लेकर 25 अगस्त को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन हुआ था और उस समय यहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही थीं।

Next Story