Nuh: सड़क दुर्घटना में कांस्टेबल की मौत, एएसआई का इलाज जारी

नूंह: कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे पर गुरुवार की अल सुबह नूंह क्षेत्र में हुए सडक़ हादसे में हरियाणा पुलिस के एक कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि एक एएसआई घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब पुलिस गांव गोयला की सीमा में नाका लगार वाहनों की जांच कर रही थी।
पुलिस के अनुसार पुन्हाना सीआईए की टीम को गोवंश से भरे एक वाहन के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए ले जाना शुरू किया। इसी दौरान वाहन केएमपी एक्सप्रेसवे पर खराब हो गया, जिसके बाद उसे सडक़ किनारे खड़ा कर दिया गया।
पुलिसकर्मी ट्रक की पिछली साइड मौजूद थे। इसी बीच मानेसर की ओर से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सडक़ किनारे खड़े गोवंश से भरे खराब वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के पास खड़े पुलिस जवान गिरीश और एएसआई मुकेश फोगाट दोनों ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एएसआई मुकेश फोगाट गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी साहिल बाल-बाल बचा।
हादसे की सूचना मिलते ही मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस, धुलावट ट्रैफिक थाना पुलिस तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। घायल एएसआई मुकेश को उपचार के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने गोवंश से भरे वाहन और टक्कर मारने वाले ट्रक दोनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





