हरियाणा

Nuh: सड़क हादसे ने छीनी 35 वर्षीय युवक की जिंदगी

Admindelhi1
10 Sept 2026 7:49 PM IST
Nuh: सड़क हादसे ने छीनी 35 वर्षीय युवक की जिंदगी
x
ट्रैक्टर से टकराई बाइक, युवक की गई जान

नूंह: पिनगवां थाना क्षेत्र के गांव झिमरावट के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जिला पलवल के ढकलपुर गांव निवासी सरफराज के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ, जब सरफराज बाइक से अपनी ससुराल गांव कालेखेड़ा जा रहा था। रास्ते में सामने से खेत से लौट रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से उसकी बाइक टकरा गई।

जानकारी के अनुसार, सरफराज मलाई गांव स्थित एक मस्जिद में बच्चों को पढ़ाता था। बुधवार देर रात वह अपने गांव से बाइक पर सवार होकर ससुराल के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि उसके ससुर की तबीयत खराब थी और वह उन्हें देखने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह गांव झिमरावट के पास पहुंचा, सामने से खेत में काम करके लौट रहे ट्रैक्टर के पीछे लगे कल्टीवेटर से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सरफराज को गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पिनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भिजवाया। पुलिस हादसे के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। सरफराज शादीशुदा था और उसके छह बच्चे हैं, जिनमें पांच बेटे और एक बेटी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और ससुराल पक्ष में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Next Story