हरियाणा

Nuh: 500 रुपये के विवाद में जमकर मारपीट, 12 घायल

Admindelhi1
17 Sept 2026 7:47 PM IST
Nuh: 500 रुपये के विवाद में जमकर मारपीट, 12 घायल
x
मामूली उधारी को लेकर भिड़े दो पक्ष, 12 घायल

नूंह: नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र के गांव बीवा में महज 500 रुपये की उधारी को लेकर दो पक्षों में जमकर खूनी संघर्ष हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लाठी-डंडों की जंग में बदल गया, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।

इस दौरान गोली चलने की भी खबर सामने आ रही है और महिलाओं के हाथों में वायरल विडियो में बंदूक भी देखी जा रही है। घायलों को पहले सीएचसी फिरोजपुर झिरका लाया गया, जहां से कुछ को मंडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल रेफर किया गया, जबकि दो गंभीर घायलों को हायर सेंटर पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव बीवा में 500 रुपये की उधारी को लेकर दो पक्षों में पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। अचानक हुए संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी मच गई। एक पक्ष से सुमेर पुत्र अमीर (60), अरशद पुत्र सुमेर (40), आरिफ पुत्र सुमेर (38), तारीफ पुत्र सुमेर (22), साकिर पुत्र असलूप (25), इरफान पुत्र सुमेर (35) और सोकत पुत्र फजरु (45) घायल हुए हैं।

वहीं दूसरे पक्ष से तैय्यब पुत्र दीन मोहम्मद (55), निसार, इनाम, रिजवाना पुत्री तैय्यब, मिस्कीना पत्नी तैय्यब, अली मोहम्मद पुत्र नूर मोहम्मद, मुस्तकीम पुत्र अय्यूब और फिरदोस पुत्री अय्यूब घायल बताए जा रहे हैं। सीएचसी फिरोजपुर झिरका के मेडिकल ऑफिसर डॉ. अनुज ने बताया कि एक पक्ष से सात लोगों की और दूसरे पक्ष से तीन औरलोगों की एमएलआर काटी जा चुकी है, जबकि कुछ महिलाओं समेत अन्य घायलों की मेडिकल जांच बाकी है। अधिकतर घायलों के सिर में चोटें हैं। घटना के दौरान गोली चलने की भी चर्चा रही, जिससे गांव में तनाव फैल गया। हालांकि पुलिस ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है।

फिरोजपुर झिरका सदर थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र ने बताया कि अभी तक दोनों पक्षों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर जांच कर रही है।

Next Story