
x
अपराधियों का साथ
चरखी दादरी. हरियाणा के चरखी में लगातार बढ़ रहे अपराधों के मद्देनजर सांगवान खाप (Sangwan Khap) की पंचायत ने अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अपराधियों का साथ नहीं देने का फैसला लिया है. गांव का कोई भी व्यक्ति अपराध करता है तो उसे पुलिस व प्रशासन के माध्यम से दंडित करवाया जाएगा. इसकी शुरुआत खाप के गांव चरखी से की गई है. इस दौरान पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे.
सांगवान खाप के प्रधान व निर्दलीय विधायक सोमबीर सांगवान की अध्यक्षता में गांव चरखी के मुख्य चौक पर पंचायत का आयोजन किया गया. पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया कि गांव का कोई भी व्यक्ति आपराधिक घटना करता है तो उसका कोई भी ग्रामीण साथ नहीं होगा. साथ ही ऐसे व्यक्ति को पुलिस के माध्यम से दंडित करवाया जाएगा. पंचायत में लगातार आपराधिक घटनाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया.
इस दौरान प्रतिनिधियों ने कहा कि गांव के युवा अपराध के चंगुल में फंस रहे हैं. जिसके कारण युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है. ऐसे कई युवा हैं, जो पुलिस को चकमा देते हुए अवैध हथियार रखते हैं और घटनाओं को भी अंजाम देते हैं. ऐसे में सांगवान खाप ने पहल करते हुए सर्वसम्मति से अपराध करने वालों का साथ नहीं देने का निर्णय लिया है. साथ ही पंचायत में पहुंचे पुलिस अधिकारियों को आश्वस्त किया कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पंचायत उनके साथ है.
चरखी गांव से की गई है इसकी पहल
सांगवान खाप प्रधान व विधायक सोमबीर सांगवान ने कहा कि गांव की पंचायत ने सर्वसम्मति से आपराधिक घटनाओं में संलिप्त व्यक्तियों का साथ नहीं देने का निर्णय लिया है. लगातार बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए खाप ने गांव चरखी से शुरूआत की है. पंचायत द्वारा भी पुलिस व प्रशासन का पूरा सहयोग किया जाएगा और आपराधिक घटनाओं में संलिप्त होने वालों को पुलिस के माध्यम से दंडित करवाया जाएगा.
सर्वजातीय महापंचायत में BJP-JJP नेताओं के विरोध का फैसला
इससे पहले शुक्रवार को चरखी-दादरी में सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि आगामी दिनों में भाजपा-जजपा नेताओं के आगामी कार्यक्रमों में महिलाओं की अगुवाई में काले झंडों के साथ पुरजोर विरोध किया जाएगा. महापंचायत में बुलाए गए कार्यक्रम आयोजकों से खाप प्रतिनिधियों की नोंक-झोंक भी हुई थी.
आयोजकों को कार्यक्रम रद्द करने की नसीहत दी और कहा कि अगर कार्यक्रम नहीं हुआ तो कृषि कानूनों को लेकर विरोध करेंगे, अगर शहादत देनी पड़ी तो भी तैयार हैं. शुक्रवार को दादरी के स्वामी दयाल धाम पर फौगाट खाप प्रधान बलवंत नंबरदार की अध्यक्षता में सर्वजातीय सर्वखाप महापंचायत का आयोजन किया गया.
Next Story





