हरियाणा

New Tehri: संत निरंकारी मिशन की पहल पर टिहरी में संत समागम

Admindelhi1
13 Sept 2026 5:52 PM IST
New Tehri: संत निरंकारी मिशन की पहल पर टिहरी में संत समागम
x
संत निरंकारी मिशन ने टिहरी में सजाया संत समागम

नई टिहरी: संत निरंकारी मिशन की ओर से जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्थित सत्संग भवन में विशाल महिला संत समागम आयोजित किया गया। जिसमें विभिन्न शाखाओं से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु गद्दी से मानव कल्याण का आशीर्वाद लिया। समागम में भक्ति गीत, कविताओं, नाटकों एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से मानवता, प्रेम, सद्भाव और सेवा का संदेश दिया गया।

रविवार को बौराड़ी में आयोजित समागम में सविंदर कौर ने प्रवचन करते हुए कहा कि निरंकार परमात्मा को जानना और उसके प्रति समर्पित भाव रखना ही सच्ची भक्ति का आधार है। सतगुरु की कृपा से जब मनुष्य परमात्मा के स्वरूप को जान लेता है तो उसके जीवन में दया, करुणा, प्रेम, नम्रता, सहनशीलता और विश्व बंधुत्व जैसे दिव्य गुण विकसित होने लगते हैं।

श्री राम और शबरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए भक्ति के महत्व को समझाया। कहा कि सेवा, सुमिरन और सत्संग के माध्यम से मनुष्य के जीवन में आध्यात्मिक उन्नति आती है, उसका समर्पण और विश्वास मजबूत होता है। सतगुरु के प्रति समर्पण के माध्यम से निरंकार परमात्मा तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त होता है।

जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने समागम के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों का आभार जताया। मिशन की ओर से रक्तदान, स्वच्छता अभियान, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत कार्य, नशा मुक्ति, युवा एवं महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न सामाजिक एवं मानव सेवा गतिविधियों का आयोजन किए जाते हैं। इस मौके पर संयोजक सबल सिंह चौहान, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई, कुंदन सिंह रावत, कल्याण सिंह, मनोहर कुड़ियाल, रमेश रमोला, जीएस चौहान, दिलवर पंवार, डॉ. नित्यानंद उनियाल मौजूद थे।

Next Story