NCR Gurugram: निजी बस चालक ने दो युवकों को मारी टक्कर, चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित किया

गुरुग्राम: बिलासपुर थाना क्षेत्र में ड्यूटी से अपने रूम पर जा रहे दो युवकों को निजी बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। निजी बस चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना बिलासपुर में उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी मनोज कुमार ने दी शिकायत में बताया कि वह फ्लिपकार्ट कंपनी में नौकरी करते हैं। बीते शुक्रवार की रात लगभग 9.30 बजे ड्यूटी करके दोस्त पथरेड़ी निवासी रिंकू कुमार के साथ कमरे पर जा रहे थे। जब दोनों जिंदल कंपनी के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। रिंकू कुमार के सिर में गंभीर चोट लगीं। चालक बस सहित मौके से भाग गया। राहगीरों ने मनोज कुमार को एक निजी अस्पताल और रिंकू कुमार को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। रिंकू कुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।





