हरियाणा

NCR Gurugram: लोकरी गांव के लोगों ने मानेसर थाने पर प्रदर्शन किया, जाने पूरा मामला

Admindelhi1
27 Feb 2025 3:58 PM IST
NCR Gurugram: लोकरी गांव के लोगों ने मानेसर थाने पर प्रदर्शन किया, जाने पूरा मामला
x
"हत्या का मामला दर्ज नहीं करने पर थाने पर किया प्रदर्शन"

गुरुग्राम: थाना मानेसर के होटल हवेली के एक कमरे में युवक-युवती के शव एक ही बेड पर मिले थे। दोनों के सीने में गोली मारने के निशान थे। कमरे से एक देसी पिस्टल और दो खोल कमरे से बरामद हुए थे। बुधवार को हत्या का मामला दर्ज नहीं करने पर लोकरी गांव के लोगों ने मानेसर थाने पर प्रदर्शन किया। वहीं, युवक के परिजनों ने मामला दर्ज नहीं होने तक शव लेने से इन्कार कर दिया है। बुधवार दोपहर युवती के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा दिया गया।

लोकरी के ग्रामीण बुधवार को मानेसर पुलिस स्टेशन के बाहर एकत्र हुए और मृतक निखिल कुमार के परिवार के सदस्यों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं करने के विरोध प्रदर्शन किया। लोकरी गांव के ग्रामीणों का आरोप है कि जब तक पुलिस हत्या की प्राथमिकी दर्ज नहीं कर लेती, तब तक वे उसका शव नहीं लेंगे। ऐसे में बुधवार को युवक के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मृतक युवक निखिल के परिजनों ने बताया कि मंगलवार की रात को युवती के परिवार के सदस्य की शिकायत पर निखिल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन हमारी शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही। मृतक निखिल के चाचा हंसराज ने कहा कि वे तब तक शव नहीं लेंगे, जब तक पुलिस मामला दर्ज नहीं कर रही। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस ने सिर्फ युवती परिवार के सदस्य की शिकायत पर मामला किया है, लेकिन हमारी बात नहीं सुन रही।

सुबह नौ बजे बुक कराया कमरा: मृतक निखिल के चाचा हंसराज ने कहा कि होटल के एक कर्मचारी ने उन्हें बताया कि निखिल ने सोमवार सुबह नौ बजे होटल हवेली में कमरा बुक कराया था और वह वापस होटल से निकल गया था। इसके बाद वह युवती के साथ लगभग 11:30 बजे पहुंचा और दोपहर लगभग 2 बजे दोनों वापस निकल गए। होटल के रजिस्टर में दोनों के आने की एंट्री दर्ज है। उन्होंने बताया कि इसके बाद शाम पांच बजे निखिल व युवती दोनों वापस होटल में आए और वापस नहीं निकले। इसके बाद कमरे से दोनों के शव मिले। दोनों की मौत कैसे हुई है, यह सबसे बड़ा सवाल है।

दोपहर से रात आठ बजे के बाद तक सीसीटीवी कैमरा मिले बंद:

होटल हवेली में 11 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जोकि चालू हालत में थे। लेकिन सोमवार को दोपहर लगभग एक बजे से रात आठ बजे के बाद तक कैमरे बंद पाए गए। जब होटल मालिक से पूछताछ हुई तो उन्होंने बताया कि किसी कर्मचारी ने गलती से सीसीटीवी कैमरों का बटन बंद कर दिया। रात आठ बजे किसी दूसरे कर्मचारी ने कैमरे बंद होने की जानकारी मिली तो कैमरों को दोबारा चलाया गया था।

डॉक्टर दीपक माथुर ने बताया कि पोस्टमार्टम जांच में पता चला है कि गोली बहुत ही नजदीक से मारी गई है। बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। बिसरा की रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि उन्होंने कौनसा पदार्थ खाया था।

अलग-अलग एंगल से हो रही जांच: जांच अधिकारी सतीश ने बताया कि मामले की अलग-अलग एंगल से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की हकीकत का पता चल सकेगा। गुरुग्राम पुलिस के उच्च अधिकारी भी इस मामले में जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवक के परिजनों के मोर्चरी नहीं आने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका। जबकि युवती के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जा चुका है।

Next Story