NCR Gurugram: ऑक्सफ़ोर्ड स्कूल के अकाउंटेंट ने जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी की

गुरुग्राम: सेक्टर-10 थाना क्षेत्र के खुरमपुर खेड़ा स्थित आक्सफोर्ड स्कूल के अकाउंटेंट ने जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। मृतक के भाई ने स्कूल प्रबंधन पर अकाउंटेंट को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव भांगरौला के राहुल ने बताया कि उसका बड़ा भाई रंजीत सिंह खुरमपुर खेड़ा स्थित आॅक्सफोर्ड स्कूल में पिछले करीब ढाई साल से अकाउंटेंट था। आरोप है कि स्कूल के मालिक राजेश व सुनील उससे स्कूल के कार्य के लिए हमेशा दबाव बनाते थे। वहीं अपने घरेलू कार्य के लिए आॅनलाइन अकाउंट ट्रांजेक्शन भी करवाते रहते थे। इसके अलावा रेवाड़ी के गांव जखाला स्थित कॉलेज कार्य के लिए रात-रातभर कार्यरत रखते थे। काम के ज्यादा दबाव के चलते रंजीत ने राहुल को कई बार बताया था। मानसिक दबाव के बावजूद रंजीत अपने काम को पूरी तत्परता से करता था। 4 फरवरी की सुबह स्कूल संचालक सुनील और राजेश गांव भांगरौला में आए। उन्होंने घर के निकट रंजीत को गाड़ी में बैठाया और मारपीट करने लगे। उन्होंने रंजीत से कहा कि अगर वह स्कूल नहीं आया तो वे उसे धोखाधड़ी के केस में फंसवा देंगे। राहुल ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव कराया तो उन्होंने राहुल को भी परिवार को उठाने की व नौकरी से निकलवाने की धमकी दी। जिसके बाद रंजीत स्कूल चला गया। इसके बाद 10 से 11 बजे के दरमियान सुनील व राजेश सहित चार युवक उनके घर आए और राहुल के पिता से कहा कि वह रंजीत को लाओ वरना अंजाम ठीक नहीं होगा। वहां से जाने के बाद भी उन्होंंने पिता को तीन-चार बार फोन करके धमकी दी।
करीब तीन बजे राहुल के पास गांव के रमेश का फोन आया और बताया कि रंजीत की हालत खराब है। राहुल और रमेश मौके पर पहुंचे तो देखा कि रंजीत यदुवंशी स्कूल में बेहोशी हालत में पड़ा था। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से चार दिन बाद उसे रेवाड़ी ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। रंजीत पर राजेश व सुनील ने मानसिक दबाव बनाया है, जिसके चलते उसने जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी की है। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में पुलिस को अस्पताल प्रबंधन की ओर से सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर गई, जहां पर डॉक्टरों की ओर से उसे अनफिट बताया गया था। उसके भाई के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है। - करण गोयल, डीसीपी वेस्ट, गुरुग्राम।





