NCR Gurugram: सरस्वती विहार स्थित कमरे में आग लगने से बुजुर्ग महिला की जलकर मौत

गुरुग्राम: सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में सरस्वती विहार स्थित एक मकान में बीते रात हीटर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से 80 वषीर्या महिला अंजली बख्शी की जलकर मौत हो गई।
घर में आग लगने की सूचना मृतका के परिवार वालों ने दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग की एक गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। आग इतनी भयंकर थी कि कमरे का पूरा सामान जल गया। सरस्वती विहार के स्वामी विवेकानंद ब्लॉक स्थित मकान नंबर 940 में बुजुर्ग महिला अपने बेटे के साथ रहती थी। महिला मकान के प्रथम तल पर जबकि उसका बेटा व परिवार के अन्य सदस्य भूतल पर रहते हैं। पीड़ित परिजनों ने पुलिस को बताया कि बीते बुधवार की शाम महिला सोने के लिए प्रथम तल पर चली गई थीं। रात लगभग 11.30 बजे परिवार के लोगों को बाहर कुछ गिरने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिवार के लोग नींद से जागे तो घर में धुआं भरा हुआ था। ऐसे में उन्होंने बाहर आकर देखा तो घर के ऊपरी तल पर भयंकर आग लगी हुई थी।
महिला के परिवार वालों ने सीढ़ियों से प्रथम तल पर जाने का प्रयास किया तो धुएं व भयंकर आग के कारण ऊपर नहीं जा सके। वहीं, प्रथम तल में सो रही महिला की आग में जलने और दम घुटने से मौत हो गई। मकान में आग लगने की सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची दमकल विभाग की एक गाड़ी ने लगभग 12 बजे तक आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई जाती, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि वृद्धा ने हीटर चला रखा था। उसी में शॉर्ट सर्किट होने के कारण कंबल या किसी कपड़े ने आग पकड़ ली और बाद में कमरे में रखे बेड व अन्य सामान में आग लगी गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जल गया है। जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि प्रथम दृष्टया में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर निरीक्षण करके सबूत जुटाए हैं। वहीं, परिवार के लोगों के बयान लिए गए हैं।





