NCR Faridabad: विधवा महिला से बिजली चोरी का केस बनाने का डर दिखाकर किया दुष्कर्म

फरीदाबाद: बिजली चोरी का केस बनाने का डर दिखाकर विधवा महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महिला ने आरोपी की धमकी से डर कर थाने में शिकायत देने की बजाय अदालत में याचिका दायर कर न्याय की गुहार लगाई है। दुष्कर्म का आरोप बिजली विभाग से सेवानिवृत्त हो चुके जेई पर लगाया गया है। आरोपी ने साल 2020 में पहली बार दुष्कर्म किया तो वह फोरमैन के पद पर था।
पीड़िता महिला ने अपने अधिवक्ता के जरिये अदालत में याचिका दायर की है। जिसमें कहा गया कि महिला के पति की मौत हो चुकी है। साल 2020 में महिला के घर के बिजली मीटर में आई परेशानी की जांच करने के लिए सैनिक कालोनी निवासी फोरमैन आया था। आरोपी ने महिला को कहा कि मीटर में छेड़छाड़ की गई है और बिजली चोरी के केस का डर दिखाया। महिला इससे डर गई तो आरोपी ने केस न बनाने की एवज में महिला से दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी अक्सर महिला के घर जाकर दुष्कर्म करता।
महिला का आरोप है कि 2 साल तक ये चलता रहा और फिर आरोपी जेई के पद पर पदोन्नत होकर कुछ समय बाद सेवानिवृत्त हो गया। अब आरोपी ने दोबारा से महिला को परेशान करना शुरू कर दिया। महिला के बात न मानने पर फोटो वायरल करने की धमकी देता है। महिला के अनुसार आरोपी ने धमकी दी कि मेरा बेटा प्रॉपर्टी डीलर है और पुलिस वालों से उसकी दोस्ती है। पुलिस में शिकायत दोगी, तो वहां भी कुछ कार्रवाई नहीं होने दूंगा। इसी से परेशान होकर महिला ने अदालत में गुहार लगाई है। जिला अदालत ने याचिका पर संज्ञान लेते हुए आरोपी को समन जारी कर अप्रैल माह में कोर्ट के सामने हाजिर होने के आदेश दिए हैं।





