NCR Faridabad: स्थानीय लोगों ने 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले में थाने के बाहर प्रदर्शन किया

फरीदाबाद: डबुआ थाना क्षेत्र में साढ़े 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म मामले को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को पीड़ित परिजन और स्थानीय लोगों ने डबुआ थाने के बाहर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। वहीं सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकतार्ओं ने प्रदर्शन किया। तहसीलदार यशवंत सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। उसमें आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की गई है।
सोमवार को डबुआ स्थित केला गोदाम के पास एक साढ़े तीन साल की बच्ची लहूलुहान हालत में मिली थी। उसे तुरंत बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से पुलिस आयुक्त के आदेश पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सीय परीक्षण में सामने आया कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया था। इस मामले में पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट परिजन और स्थानीय लोग शुक्रवार को डबुआ थाने पहुंचे। जहां प्रदर्शन करते हुए मार्ग को जाम लगा दिया। परिजनों ने मांग रखी है कि दुष्कर्म के मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। साथ ही आरोपी को फांसी की सजा दी जाए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बच्ची की हालत में सुधार आया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
आरोपी के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाए: वहीं इसी मामले में सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठनों ने कहा कि इस घटना ने शहर को झकझोर दिया है। ऐसे हैवान को समाज में जिंदा रहने का कोई अधिकार नहीं है। हरियाणा सरकार अपराधियों का एनकाउंटर करवाए। साथ ही आरोपी के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार के लिए सरकार से आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इस प्रदर्शन में एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा, पुनीत वशिष्ठ, लक्ष्मण गोस्वामी, श्रवण कुमार आदि हिंदू संगठनों के पदाधिकारी शामिल रहे। लोगों ने तहसीलदार को इन मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।





