हरियाणा

Gurugram में राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन का आयोजन

Kiran
6 Jun 2025 8:27 AM IST
Gurugram में राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय सम्मेलन का आयोजन
x
Haryana हरियाणा : हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने गुरूवार को गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के जुलाई के प्रथम सप्ताह में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। लोकसभा ने इस सम्मेलन की मेजबानी विधानसभा को सौंपी है। सम्मेलन में देश के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से शहरी स्थानीय निकाय संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कल्याण ने कहा कि सम्मेलन का आयोजन जुलाई के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित है। इसमें देश के सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से 500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस सम्मेलन का मुख्य आयोजन स्थल गुरुग्राम से सटे द्वारका स्थित यशोभूमि होगा, जबकि सभी प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था गुरुग्राम में की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का अपना राष्ट्रीय महत्व है। ऐसे में भारत की ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा के अनुरूप सभी अतिथियों का आतिथ्य गुरुग्राम में किया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रतिनिधियों के स्वागत, उनके ठहरने, कार्यक्रम स्थल तक परिवहन, चौबीसों घंटे स्वास्थ्य सुविधाएं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जिला प्रशासन गुरुग्राम के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही, प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए नई दिल्ली स्थित एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशन पर लोकसभा सचिवालय के सहयोग से हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में इस कार्यक्रम के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। साथ ही, होटलों में प्रतिनिधियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संपर्क अधिकारी भी नियुक्त किए जाएंगे। डीसी अजय कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन ने कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए स्थानीय स्तर पर अलग-अलग स्थानों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
Next Story