हरियाणा

Narnaul: राव ने भाजपा की सरकार बनाने की प्रक्रिया पर उठाया विवाद

Admindelhi1
28 Nov 2025 10:49 AM IST
Narnaul: राव ने भाजपा की सरकार बनाने की प्रक्रिया पर उठाया विवाद
x

नारनाैल: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा पार्टी वोट चोरी करके प्रदेशों में सरकार बना रही है। जिला महेंद्रगढ़ की चारों विधानसभाओं से भी करीब डेढ़ लाख वोटों की चोरी हुई। वहीं पूरे प्रदेश से 25 लाख वोट किसी न किसी तरह से चोरी किए गए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह गुरूवार को नारनौल में वोट चोर गद्दी छोड़ प्रदर्शन के दौरान सभा को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला और कुमारी शैलजा भी मौजूद रहे। सभा के बाद कांग्रेसी प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। जहां पर उन्होंने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वोट चोरी करके बनी सरकार ने प्रदेश के लोगों को जंगलराज में झोंक दिया है। आज प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं हैं।

कानून व्यवस्था बिल्कुल खराब है। आए दिन हत्याएं, लूट व अन्य गंभीर घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश में गैंग का बोलबाला है। कई गैंग प्रदेश में सक्रिय हैं, जिन पर सरकार लगाम नहीं लगा पा रही है।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा न केवल वोट की चोरी कर रही है, बल्कि वह आम आदमी से उसकी रोटी भी चुरा रही है। बाजरे व धान की खरीद में भाजपा ने बड़ी चोरी की है। उन्होंने कहा कि बाजरा 1800 रुपए क्विंटल तक बिका है।

ऐसे में एमएसपी भी किसानों को नहीं मिल पाया। यह एक चोरी ही है। इस प्रकार की चोरी हर जगह हो रही है। उन्होंने कहा कि जब वोट चोरी से बना नेता विधायक बनने लगेगा तो वह लोगों के काम क्यों करेगा। इसलिए लोगों को यह बात समझनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यह लड़ाई वे सड़क से लेकर संसद तक लड़ रहे हैं। अगर जरूरत पड़ी तो कोर्ट में भी लड़ाई लड़ी जाएगी।

कुमारी शैलजा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने राव नरेंद्र सिंह को प्रदेशाध्यक्ष बनाकर बहुत बढ़िया फैसला किया है। इनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों के हाथों से निवाला छिन रही है। वोट चोरी करके सरकार बना रही है। इस मौके पर विधायक मंजू चौधरी ने कहा कि उनकी विधानसभा नांगल चौधरी में भी करीब 26 हजार वोटों की चोरी हुई है। अगर उनकी विधानसभा में वोटों की चोरी नहीं होती तो वे करीब 30 हजार वोटों से जीतती। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम केवल अब चोरी करना रह गया है। इस प्रदर्शन में भारी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story