हरियाणा

Narnaul: 15 हजार अवैध कनेक्शनों को वैध करने की तैयारी, छह माह की समयसीमा

Admindelhi1
4 Sept 2026 6:38 PM IST
Narnaul: 15 हजार अवैध कनेक्शनों को वैध करने की तैयारी, छह माह की समयसीमा
x
नारनौल में 15 हजार अवैध कनेक्शनों का होगा नियमितीकरण

नारनाैल: नारनौल शहर में 15 हजार से अधिक पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शन अवैध अथवा अनाधिकृत पाए गए हैं। इन कनेक्शनों को वैध एवं नियमित करवाने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने आगामी छह माह में सभी अवैध कनेक्शनों को नियमित करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।

कार्यकारी अभियंता प्रदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि विभाग ने अगले छह माह के दौरान प्रत्येक माह तीन हजार अवैध कनेक्शनों को वैध करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए शहर में विभागीय टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें घर-घर जाकर कनेक्शनों का निरीक्षण करेंगी और उपभोक्ताओं को उन्हें नियमित करवाने के लिए प्रेरित करेंगी।

उन्होंने बताया कि अवैध कनेक्शन नियमित करने वाली टीमों के साथ कनेक्शन काटने के लिए भी अलग टीमों का गठन किया गया है। अभियान के दौरान जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन अवैध या अनधिकृत पाए जाएंगे, उन्हें निर्धारित अवधि में वैध करवाने का अवसर दिया जाएगा। यदि उपभोक्ता कनेक्शन नियमित नहीं करवाता है, तो विभाग उसे डिस्कनेक्ट कर देगा।

कार्यकारी अभियंता ने बताया कि विशेष अभियान के तहत नागरिक बिना कनेक्शन शुल्क दिए अपने अवैध एवं अनाधिकृत पेयजल और सीवरेज कनेक्शन स्वीकृत एवं नियमित करवा सकते हैं। अभियान समाप्त होने के बाद अवैध कनेक्शनधारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डिस्कनेक्शन के बाद दोबारा कनेक्शन लेने के लिए उपभोक्ता को निर्धारित पेनल्टी और लागू शुल्क जमा करवाना होगा। जिले के पांचों शहरों में पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शनों को वैध एवं नियमित करवाने का अभियान जारी है।

Next Story