Narnaul: समारोह के बाद घर जाते समय सड़क हादसा, एक की मौत

नारनाैल: नारनौल में नेशनल हाईवे नंबर 11 पर एक बाइक सवार ने खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव चंदपुरा निवासी 55 वर्षीय जगेश्वर के रूप में हुई है। मृतक खेतीबाड़ी का काम करता था। गुरूवार को पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल नारनौल से पोस्टमॉर्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार अटेली के गांव चंदपुरा निवासी करीब 55 वर्षीय जगेश्वर बुधवार देर रात को एक समारोह में भाग लेकर बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। जब वह नेशनल हाईवे नंबर 11 पर बाइक से चल रहा था, तो बिना संकेतक के एक ट्रक हाईवे पर ही खड़ा किया हुआ था। जब वह गांव सुजापुर के पास पहुंचा तो हाईवे पर खड़े ट्रक की चपेट में आ गया, जिससे वह वहां पर गिर गया। आसपास के लोगों ने उसको अटेली के अस्पताल में पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद अस्पताल पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मृतक का नारनौल के नागरिक अस्पताल से पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





