
नारनाैल: जिले के गांव झगड़ोली के पास नांगल हरनाथ मोड़ पर गुरूवार को एक तेज रफ्तार ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो के नीचे दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में मरने वाली महिला की पहचान 28 वर्षीय सोनिका निवासी गांव बूचावास के रूप में हुई है। घायलों को महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसे में मरने वाली महिला सोनिया ने एमए-बीएड किया हुआ था और उसका एक पांच साल का बेटा है। रोजाना की तरह वह गुरूवार को भी महेंद्रगढ़ में कोचिंग के लिए जा रही थी। ऑटो चालक गांव बूचावास से सवारियां लेकर महेंद्रगढ़ की ओर जा रहा था तभी नांगल हरनाथ मोड़ पर पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिससे ऑटो सड़क पर पलट गया।
ऑटो पलटने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को ऑटो से बाहर निकाला।
घायलों में सपना, मुस्कान, संजना, मीरा और राजेंद्र शामिल हैं। सभी को एम्बुलेंस की मदद से महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का मुआयना कर जांच में जुटी हुई है।





