हरियाणा

Narnaul: धर्मबीर सिंह ने लाभार्थियों के लिए आवंटन पत्रों का वितरण किया

Admindelhi1
17 Oct 2025 5:31 PM IST
Narnaul: धर्मबीर सिंह ने लाभार्थियों के लिए आवंटन पत्रों का वितरण किया
x

नारनाैल: भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले एक साल में अपने 46 संकल्पों को सिद्धि तक पहुंचाया है। बाकी संकल्पों को भी इसी गति से पूरा किया जाएगा। इसी प्रकार डबल इंजन की सरकार ने पिछले लगभग 11 वर्षों में देश व प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। सांसद शुक्रवार को सभागार में म्हारा हरियाणा-नॉन स्टॉप हरियाणा के एक साल पूरे होने पर जन विश्वास-जन विकास गौरवमयी-एक वर्ष के जिला स्तरीय समारोह में संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव व उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार भी मौजूद रहे।

सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने सरकार के तीसरे कार्यकाल की एक साल की उपलब्धियों पर केंद्रित सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग की ओर से तैयार की गई बुकलेट का विमोचन भी किया। वहीं पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यातिथि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का वर्चुअल माध्यम से संदेश सुना गया।

इस मौके पर जिला महेंद्रगढ़ के नौ गांवों के 306 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के आवंटन पत्र वितरित किए गए। सांसद ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि देश व प्रदेश में अंत्योदय की परंपराओं के अनुरूप सर्वव्यापी विकास हो रहा है। सरकार विश्व स्तरीय आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए दृढ़ संकल्पित है। हरियाणा का सम्पूर्ण विकास राष्ट्र के व्यापक विकास के लिए जरूरी है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में हरियाणा की अहम भूमिका रहेगी।

उन्होंने विशेषकर दक्षिणी हरियाणा में सिंचाई परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ वर्षों पहले जहां दक्षिणी हरियाणा में लगातार डार्क जोन बढ़ता जा रहा था वहीं आज सरकार की नीतियों के बदौलत जलस्तर में अभूतपूर्व बदलाव आया है। इससे यहां के किसान आर्थिक तौर पर मजबूत हुए हैं। सरकार किसानों को सौर ऊर्जा पंप की स्थापना के लिए 75 प्रतिशत तथा सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के लिए 85 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ उदय सिंह, जिला परिषद के अध्यक्ष डॉ राकेश कुमार, जिला नगर आयुक्त रणवीर सिंह के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

Next Story