Narnaul: बाबा खेतानाथ कॉलेज में आयुर्वेदिक फार्मेसी निर्माण को मंजूरी

नारनाैल: बाबा खेतानाथ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज नारनाैल में जल्द ही आयुर्वेदिक फार्मेसी स्थापित की जाएगी। फार्मेसी भवन के निर्माण पर करीब 15 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इसके लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग ने ड्राइंग तैयार कर ली है। अब भवन निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फार्मेसी बनने के बाद कॉलेज में ही आयुर्वेदिक दवाओं का निर्माण संभव हो सकेगा।
कॉलेज के प्राचार्य श्रीनिवासन गुर्जरवाल ने सोमवार को बताया कि फार्मेसी भवन की ड्राइंग तैयार हो चुकी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि फार्मेसी स्थापित होने से कॉलेज दवाओं के मामले में अधिक आत्मनिर्भर बन सकेगा। साथ ही विद्यार्थियों को दवाओं के निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
प्रस्तावित फार्मेसी का निर्माण कॉलेज के अस्पताल भवन के पीछे खाली पड़ी जगह पर किया जाएगा। फार्मेसी शुरू होने के बाद आयुर्वेदिक दवाओं का निर्माण कॉलेज परिसर में ही किया जा सकेगा। इससे दवाओं के लिए अन्य स्थानों पर निर्भरता कम होगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार यहां तैयार होने वाली दवाओं की आपूर्ति जरूरत के अनुसार अन्य आयुर्वेदिक अस्पतालों को भी की जा सकेगी। फार्मेसी में बीएएमएस विद्यार्थियों को आयुर्वेदिक औषधियों के निर्माण, गुणवत्ता जांच और उनकी प्रक्रिया से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा आयुर्वेदिक फार्मेसी से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है।





