हरियाणा

Narnail: राष्ट्रीय ध्वज के लिए खोदे गड्ढे में हादसा, दो की जान गई

Admindelhi1
20 Jun 2026 8:44 AM IST
Narnail: राष्ट्रीय ध्वज के लिए खोदे गड्ढे में हादसा, दो की जान गई
x
सड़क पर गड्ढा बना मौत का कारण, दो युवकों की मौत

नारनाैल: जिले के नांगल चौधरी कस्बे में राव तुलाराम चौक पर राष्ट्रीय ध्वज स्थापना के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में बाइक गिरने से राजस्थान के दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरूवार रात उस समय हुआ जब दोनों युवक किसी काम से बाइक पर निकले थे। अंधेरे के कारण उन्हें चौक के बीच खोदा गया गहरा गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उनकी बाइक सीधे उसमें जा गिरी।

मृतकों की पहचान राजस्थान के नीमच निवासी करीब 20 वर्षीय भैरूलाल तथा चित्तौड़गढ़ निवासी करीब 22 वर्षीय गिरधारीलाल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को गड्ढे से बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। भैरूलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गिरधारीलाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी राहुल और पिंटू नांगल चौधरी में शिव शक्ति आइसक्रीम के नाम से कारोबार करते हैं। दोनों मृतक युवक उनके यहां काम करते थे। रोजाना की तरह गुरुवार को भी वे आइसक्रीम बेचने के बाद अपने किराये के कमरे पर लौटे थे। देर शाम किसी कार्य से बाइक पर निकले और हादसे का शिकार हो गए।

आइसक्रीम संचालक पिंटू ने बताया कि दोनों युवक अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे। भैरूलाल विवाहित था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। उसकी मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। वहीं गिरधारीलाल की महज दो माह पहले ही शादी हुई थी।

Next Story