हरियाणा

Narnail: दो जगह फायरिंग कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार, सीआईए नारनौल का एक्शन

Admindelhi1
3 Sept 2026 9:38 AM IST
Narnail: दो जगह फायरिंग कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार, सीआईए नारनौल का एक्शन
x
फायरिंग मामले में पुलिस की दबिश जारी, आरोपी को पहाड़ियों से किया गिरफ्तार

नारनाैल: सीआईए नारनौल की टीम ने अटेली क्षेत्र में फायरिंग के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अटेली क्षेत्र के रामपुरा गांव निवासी पंकज के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रामपुरा गांव की पहाड़ियों से काबू किया। पुलिस से बचकर भागने के प्रयास में गिरने से उसके दाहिने पैर में चोट लग गई।

इसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल अटेली में भर्ती कराया। डीएसपी डॉ. कविता ने बुधवार को बताया कि 30 अगस्त की शाम कांटी गांव निवासी देवकरण अपनी बोलेरो गाड़ी से गांव के बस स्टैंड स्थित एक खोखे पर पहुंचा था। इसी दौरान पंकज, भोलू और एक अन्य अज्ञात युवक बाइक पर वहां पहुंचे। शिकायत के अनुसार पंकज ने देवकरण को धमकी दी और उसकी बोलेरो गाड़ी पर फायर कर दिया। गोली चालक की तरफ के शीशे के पास लगी। देवकरण ने जंगल की ओर भागकर अपनी जान बचाई।

इसके बाद आरोपी रामपुरा रोड की तरफ चले गए। वहां उन्होंने कांटी गांव निवासी रोहित पर भी फायरिंग कर दी। रोहित उस समय दुकान के बाहर बैठा था। फायरिंग होते ही उसने नीचे झुककर अपनी जान बचाई और मौके से भाग गया। गोली दुकान की दीवार में जा लगी। आरोपियों ने वहां से जाते समय अगली बार जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से एक खाली खोल सहित अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामले में एक आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार चल रहे भोलू और अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Next Story