Narnail: नारनौल में पेट्रोल-डीजल आपूर्ति सामान्य, प्रशासन सतर्क

नारनाैल: किसानों और वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और इसकी नियमित तथा निर्बाध आपूर्ति जारी है। यह बात उपायुक्त अनुपमा अंजली ने मंगलवार को लघु सचिवालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
बैठक में पेट्रोल और डीजल की अनावश्यक खरीद, जमाखोरी तथा संभावित कालाबाजारी की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सेल्स ऑफिसरों तथा जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों से जिले में ईंधन की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के सभी क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य कर रही है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को ईंधन की कमी की आशंका को लेकर अतिरिक्त खरीदारी करने की जरूरत नहीं है। उपायुक्त अनुपमा अंजली ने सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी को निर्देश दिए कि जिले में तेल की जमाखोरी और अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी पेट्रोल.डीजल की कालाबाजारी या अवैध भंडारण में संलिप्त पाई जाती है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि राजस्थान सीमा से सटे क्षेत्रों में नाकेबंदी के दौरान विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि ईंधन की अवैध ढुलाई और कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। उपायुक्त ने किसानों, वाणिज्यिक वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों पर विश्वास न करें। बैठक में नारनौल के एसडीएम अनिरुद्ध यादव, डीसीपी भारत भूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सेल्स ऑफिसर मौजूद रहे।





