हरियाणा

Narnail: खातोदड़ा गांव को मिलेगी स्वास्थ्य केंद्र की सौगात

Admindelhi1
7 May 2026 5:36 PM IST
Narnail: खातोदड़ा गांव को मिलेगी स्वास्थ्य केंद्र की सौगात
x

नारनाैल: हरियाणा सरकार प्रदेश के ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले के गांव खातोदड़ा में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोलने को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह जानकारी हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने गुरूवार को दी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि गांव खातोदड़ा में स्थापित होने वाला नया स्वास्थ्य केंद्र आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक उसके नजदीक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख न करना पड़े।

आरती सिंह राव ने बताया कि नए स्वास्थ्य केंद्र में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, सामान्य बीमारियों का उपचार, प्राथमिक जांच और आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शुरुआती उपचार स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा और छोटे रोगों के लिए शहरों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार नए अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे क्षेत्र के लोगों को समय पर उपचार मिलेगा और आपात स्थिति में राहत भी तेजी से उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Next Story