Narnail: छुट्टी के बाद ड्यूटी से गायब हुआ ITBP जवान, दो महीने से मोबाइल बंद

नारनाैल: जिले के कनीना क्षेत्र के गांव नौताना निवासी आईटीबीपी जवान छुट्टी पूरी होने के बाद ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। जवान का मोबाइल फोन भी करीब दो माह से बंद है। पंचकूला स्थित 50वीं वाहिनी आईटीबीपी से परिवार को पत्र मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने थाना सदर कनीना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जवान की तलाश शुरू कर दी है।
जवान के पिता फूलचंद ने मंगलवार को बताया कि उनका बड़ा बेटा योगेश (38) जून 2006 में आईटीबीपी में भर्ती हुआ था। वर्तमान में उसकी तैनाती चंडीगढ़ में है। योगेश विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। वह नौ जून 2026 को एक माह की छुट्टी लेकर घर आया था। छुट्टी पूरी होने के बाद आठ जुलाई को घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुआ, लेकिन इसके बाद से उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है।
परिजनों ने कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन योगेश से बात नहीं हो सकी। इसी दौरान 50वीं वाहिनी आईटीबीपी, पंचकूला से पत्र मिला, जिसमें उसके निर्धारित समय पर ड्यूटी पर वापस नहीं पहुंचने की जानकारी दी गई।
फूलचंद ने बताया कि योगेश की पत्नी करीब पांच साल से मायके में रह रही है, जबकि दोनों बच्चे गांव में दादा के पास रहते हैं। उन्होंने बताया कि योगेश एक साल में तीसरी बार लापता हुआ है। इससे पहले भी वह दो बार लापता हो चुका है। एक बार 15 दिन बाद बाघोत मेले में मिला था, जबकि दूसरी बार एक माह बाद कनीना अस्पताल में पैर का इलाज कराते मिला था।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विभिन्न स्थानों पर सूचना भेजी है। सीसीटीएनएस के माध्यम से एफआईआर की प्रतियां संबंधित अधिकारियों और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भेजी गई हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





