हरियाणा

Narnail: नहर में फेंकी गईं सैकड़ों मृत मुर्गियां, प्रशासन सतर्क

Admindelhi1
17 May 2026 8:32 PM IST
Narnail: नहर में फेंकी गईं सैकड़ों मृत मुर्गियां, प्रशासन सतर्क
x
नारनौल ब्रांच नहर में मिले मुर्गियों के शव

नारनाैल: नारनौल ब्रांच नहर में रविवार को सैकड़ों मरी हुई मुर्गियां मिलने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन और सिंचाई विभाग में हड़कंप मच गया है। यह घटना खासपुर और खामपुर गांव के पास की बताई जा रही है, जहां नहर में बड़ी संख्या में मृत मुर्गियां तैरती हुई दिखाई दीं। मामले की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

सिंचाई विभाग ने इसे बेहद गंभीर मामला मानते हुए पुलिस को सूचना दी है तथा अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह नहर में मृत पशु-पक्षियों को फेंकना न केवल पर्यावरण के लिए खतरनाक है, बल्कि इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ सकता है।

एसडीओ राजेश वर्मा ने बताया कि नहर में करीब 400 से 500 मरी हुई मुर्गियां डाली गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे नहर के पानी के प्रदूषित होने की आशंका बढ़ गई है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में बदबू फैलने और संक्रमण फैलने का खतरा भी पैदा हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह किसी अज्ञात व्यक्ति या समूह की हरकत लग रही है। राजेश वर्मा ने कहा कि मामले को लेकर कनिष्ठ अभियंता सुनील दत्त ने विभागीय स्तर पर रिपोर्ट भेजी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विभाग की ओर से तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। इसके अलावा फैजाबादी पुलिस चौकी को भी पूरे मामले से अवगत करा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि कनिष्ठ अभियंता को आसपास के क्षेत्र में जांच कर दोषियों की पहचान करने और आवश्यक जानकारी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग जल्द ही अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, नहर जैसी सार्वजनिक जलधारा में मृत पशु-पक्षियों को फेंकना गंभीर लापरवाही के साथ कानूनन अपराध भी है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई है।

Next Story