हरियाणा

Nahan: ऑनलाइन दवाओं के खिलाफ नाहन में दवा दुकानों की हड़ताल

Admindelhi1
21 May 2026 10:59 AM IST
Nahan: ऑनलाइन दवाओं के खिलाफ नाहन में दवा दुकानों की हड़ताल
x

नाहन: ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के खिलाफ आज देश भर के केमिस्ट और ड्रगिस्ट हड़ताल पर चले गए हैं। इस देशव्यापी हड़ताल का सीधा और बेहद गंभीर असर ज़िला सिरमौर के सबसे बड़े अस्पताल, डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में देखने को मिल रहा है। मेडिकल स्टोर बंद होने की वजह से अस्पताल में इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों और उनके तीमारदारों (परिजनों) को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और दवाइयों के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।

ज़िला सिरमौर के सुदूर और बेहद पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों से भारी उम्मीद लेकर नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचे मरीजों ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी जांच तो कर दी और जरूरी दवाइयां भी लिख दीं, लेकिन जब वे दवाई लेने बाज़ार पहुंचे तो सभी मेडिकल स्टोर पूरी तरह बंद मिले। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को समय पर दवा न मिलने से उनकी परेशानी और अधिक बढ़ गई है।

ग्रामीण क्षेत्रों से आए तीमारदारों का कहना है कि वे सुबह-सुबह लंबा और थका देने वाला सफर तय करके इलाज के लिए नाहन पहुंचे थे। उन्हें उम्मीद थी कि मेडिकल कॉलेज में बेहतर इलाज के साथ दवाइयां मिल जाएंगी, लेकिन केमिस्टों की इस अचानक हड़ताल ने उनकी मुसीबत दोगुनी कर दी है।

Next Story