- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Nahan: मुख्यमंत्री...
Nahan: मुख्यमंत्री दौरे पर भाजपा का हमला, नहीं हुई कोई घोषणा

नाहन: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर जिला सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र के सराहां पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में पच्छाद से विधायक रीना कश्यप भी मौजूद रहीं और अपने संबोधन में क्षेत्र की कई मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।
इसके बाद प्रेस वार्ता में भाजपा विधायक रीना कश्यप ने मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि लोगों को इस दौरे से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन कोई महत्वपूर्ण घोषणा नहीं हुई। उनके अनुसार सराहां अस्पताल को लेकर क्षेत्र के लोगों को उम्मीद थी कि अस्पताल से जुड़ी किसी योजना की घोषणा की जाएगी, लेकिन इस विषय पर कोई निर्णय सामने नहीं आया।
उन्होंने कहा कि सराहां-चंडीगढ़ मार्ग को लेकर भी इलाके के लोगों को आशा थी कि इसे किसी विशेष मद में शामिल करने या इसके विकास पर चर्चा होगी, लेकिन इस संबंध में भी कोई घोषणा नहीं की गई। विधायक ने यह भी कहा कि बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम में पहुंची थीं और उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री अन्य जिलों की तरह यहां भी महिलाओं के लिए 1500 रुपये की सहायता से जुड़ी घोषणा करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
रीना कश्यप ने कहा कि कुल मिलाकर मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा और लोग निराश महसूस कर रहे हैं। हालांकि इस विषय पर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।





