कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने विधायक अमित भाई ठाकरे

चंडीगढ़: कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया की वार्षिक बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और विभिन्न कमीशनों के पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव में विधायक अमित भाई ठाकरे को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया, जबकि अरुण कावड़े को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।
हरियाणा के विधायक पवन खरखोदा को एसोसिएशन का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा बैकुंठ सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष, योगेश कालड़ा को कार्यकारी सचिव, अमित गुप्ता को उपाध्यक्ष, परितोष शर्मा को संयुक्त सचिव, अविनाश सेठी को कोषाध्यक्ष और विशाल मेहता, कोला प्रताप कुमार तथा महेश कुमावत को संयुक्त सचिव बनाया गया।
बैठक में विभिन्न कमीशनों के चेयरमैन और सदस्यों की भी नियुक्ति की गई। सुशील शर्मा को रेफरी कमीशन, अजय सैनी को स्पोर्ट्स कमीशन, रिंकू कश्यप को टेक्निकल कमीशन और विजेता मुंडलिया को वूमेन कमीशन का चेयरमैन बनाया गया। हैब सिंह को एथलीट कमीशन और नीलम सांगवान को सेक्सुअल हैरेसमेंट कमेटी की जिम्मेदारी दी गई। अंजलि को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, देशभर में कराटे खेल का विकास करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही रेफरी और कोचों के प्रशिक्षण तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कराटे की पहचान मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।





