हरियाणा

विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, 2 लोगों को थमाया जाली वीजा

Shantanu Roy
14 Jun 2022 2:50 PM GMT
विदेश भेजने के नाम पर लाखों की ठगी, 2 लोगों को थमाया जाली वीजा
x
बड़ी खबर

जालंधर। बेशक प्रशासन लाख कोशिशें कर ले, लेकिन विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वालों की जड़ें इतनी मजबूत हैं कि इनकी सेहत पर सख्ती का कोई असर नहीं पड़ रहा है। जालंधर में ट्रैवल एजेंटों द्वारा विदेश भेजने के नाम पर ठगी का खेल निरंतर जारी है। मंगलवार को अंबाला (हरियाणा) की एक लड़की एक व्यक्ति के साथ जालंधर की एक ट्रैवल एजेंसी जिसका पहले नाम वर्ल्ड मैप था और अब वर्ल्ड वाइड ओवरसीज कर लिया गया है ने जाली वीजा थमा कर सात लाख की ठगी कर ली।

लड़की और उसके परिवार ने आज ट्रैवल एजेंसी के दफ्तर में आकर खूब हंगामा किया। लड़की के पिता ने बताया कि उनकी लड़की के आइलेट्स में अच्छे बैंड आए थे। इसके बाद वर्ल्ड वाइड ओवरसीज ट्रैवल एजेंसी ने कहीं से उनकी लड़की का डाटा व मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद उन्हें कहा कि कनाडा के लिए उनके पास वर्क परमिट का एक ऑफर है। लड़की के पिता ने बताया कि इसके बाद एजेंसी के करिंदें लगातार उन्हें संपर्क करते रहे।
फीस और अन्य खर्चों के लिए एक लाख मांगे
वह विश्वास करके एक दिन ट्रैवल एजेंसी में आए। यहां पर ऑफिस का सारा कामकाज देखने वाली पूजा नामक लड़की ने उन्हें डील करना शुरू किया। पूजा को सारे दस्तावेज जब दे दिए तो उन्होंने कहा कि आप एक लाख रुपया अबेंसी फीस व अन्य खर्चों के रूप में दो। उन्होंने एक लाख रुपया उन्हें कैश दे दिया। इसके बाद कहा कि उनका वर्क परमिट वीजा आ गया है।
वीजा की फोटो कॉपी दी
वह खुशी में सीधे वर्ल्ड वाइड ओवरसीज केल दफ्तर में पहुंचे। वहां पर फिर से उन्हें पूजा नामक लड़की ने ही डील किया और कहा कि आप टिकट इत्यादि के लिए ढाई लाख रुपया जमा करवाओ। लड़की के पिता ने बताया कि उन्होंने जो ढाई लाख रुपया जमा करवाया वह नगद नहीं दिया बल्कि चैक के माध्यम से कंपनी को दिया। इसके बाद वर्ल्ड वाइड ओवरसीज ने उन्हें वीजा की फोटो कॉपी दे दी।
वीजा चेक करवाने पर फ्रॉड का पता चला
जब वीजा की फोटो कॉपी लेकर वह घर गए तो उन्हें उनके रिश्तेदारों ने कहा कि इस एक बार चेक करवा लो। जब वीजा चेक करवाने के लिए गए तो वहां पर पता चला कि उनके साथ धोखा हो गया है। साढ़े 3 लाख रुपए लेकर उन्हें जाली वीजा थमा दिया गया है। इसके बाद जब वह दोबारा वर्ल्ड वाइड ओवरसीज के दफ्तर में आए तो उन्हें कोई हाथ पल्ला ही न पकड़ाए। इसके बाद वह थानों में भी गए लेकिन किसी ने कोई बात नहीं सुनी। अब उन्होंने सीपी दफ्तर में शिकायत दी है। लेकिन अभी तक एक्शन उस पर भी नहीं हुआ है।
दफ्तर में किया हंगामा
लड़की के पिता ने बताया कि जब उन्होंने वर्ल्ड वाइड ओवरसीज के दफ्तर में उन्हें डील करने वाली पूजा नामक लड़की को बताया कि वह उनके खिलाफ शिकायत करने जा रहे हैं तो दफ्तर में मौजूद सारा स्टाफ उनके साथ बहस करने लगा और कहने लगा कि आप जहां चाहे वहां पर जाकर शिकायत दो। उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। लड़की के पिता ने आरोप लगाए कि शायद इनका सारी धंधा पुलिस और प्रशासन के लोगों के साथ मिलीभगत से चल रहा है। तभी शहर में बिना किसी डर के यह अपना ठगी की धंधा चलाए हुए हैं। इसी तरह से हरियाणा के एक अन्य व्यक्ति से भी साढ़े तीन लाख लेकर उसे जाली वीजा थमाया गया है। दोनों परिवारों ने आज दफ्तर में आकर खूब हंगामा किया।
पुलिस के आने से पहला भागा सारा स्टाफ
दफ्तर में जब हंगामा हुआ ते इसकी शिकायत पुलिस के पास भी पहुंची। पुलिस के आने से पहले ही सारा स्टाफ एक-एक करके ऑफिस से गायब हो गया। आफिस का मालिक पहले ही गायब हो गया था। पुलिस ने दफ्तर में आकर सारे केबिन खोल कर देखे तो वहां पर सिर्फ प्रिंटर ही पड़े हुए थे। दफ्तर में न तो मालिक ही मिला और न ही महिला या पुरुष स्टाफ का कोई सदस्य मिला। लैपटॉप लेकर स्टाफ बारी-बारी से दफ्तर के चोर दरवाजों से बाहर भाग गया।
Next Story