हरियाणा

खेत में मिला अधेड़ का शव, हत्या की आशंका

Admindelhi1
30 Sept 2026 2:04 PM IST
खेत में मिला अधेड़ का शव, हत्या की आशंका
x
यमुनानगर में संदिग्ध हालात में मिला शव

यमुनानगर: यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के जेधर गांव में बुधवार सुबह श्मशान घाट के पास खेत में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान थे।

पुलिस ने शव की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतक की जेब से करीब 50 हजार रुपये मिले हैं। ग्रामीणों के अनुसार, सुबह कुछ लोग श्मशान घाट की ओर खेतों के रास्ते टहलने निकले थे।

इसी दौरान एक खेत में सफेद कपड़ों में व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर उसके सिर पर चोट और चेहरे पर खून के निशान मिले। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी,पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लिया।

मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच में मृतक की जेब फटी हुई मिली और उसका पजामा भी खुला था।

घटनास्थल के आसपास वाहन के टायरों के निशान भी मिलने की बात सामने आई है, जबकि पैरों के निशान स्पष्ट नहीं पाए गए। छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि प्रारंभिक स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

सिर पर चोट के निशान मिले हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। गांव और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Next Story