
x
रेवाड़ी | रेवाड़ी जिले के कस्बा बावल में गांव बिदावास के पास तेज रफ्तार टेंपों ने शख्स को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस पहले मौके पर पहुंची और अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।
जानकारी के मुताबिक गांव बिदावास निवासी सुरेश कुमार गांव अलावलपुर रोड पर पड़ने वाले अपने खेत में काम करने के लिए गया था। साथ में उसके ताऊ का लड़का राजकुमार भी गया था। दोनों खेत से काम करने के बाद वापस घर की तरफ आ रहे थे। सुरेश कुमार आगे और पीछे उसका भाई राजकुमार चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार टेंपों ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे चल रहे राजकुमार ने उसे संभाला। उसे तुरंत बावल स्थित सरकारी अस्पताल में लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान आरोपी टेंपो चालक वाहन सहित भाग गया। मृतक दो बच्चों का पिता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Next Story