हरियाणा

गैंगवार से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, हथियारों संग 5 गिरफ्तार

Admindelhi1
18 Nov 2026 9:48 AM IST
गैंगवार से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, हथियारों संग 5 गिरफ्तार
x
कैथल में गैंगवार की साजिश नाकाम, देसी कट्टा और तलवार बरामद

कैथल: हरियाणा के कैथल में पुलिस ने गैंगवार की कथित साजिश का पर्दाफाश करते हुए हथियारों से लैस पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। सीआईए कलायत टीम ने तितरम-सारण रोड पर नाकाबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करनाल के बीरू वाल्मीकि हत्याकांड का बदला लेने के लिए विरोधी गुट से भिड़ने की तैयारी में थे।

डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि 17 नवंबर की रात गश्त के दौरान पुलिस को हथियारबंद युवकों की सूचना मिली थी। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर विरोधी पक्ष को चुनौती देकर झड़प का समय और स्थान भी तय किया था। पुलिस ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार सागर, नसीब, अमरजीत उर्फ अभिषेक, दर्शन और अजय को भागने की कोशिश के दौरान पकड़ लिया।

तलाशी में 315 बोर का देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, दो चाकू, एक तलवार, लकड़ी का डंडा, चार मोबाइल और दो मोटरसाइकिल बरामद हुईं। एक मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर मिटे मिले, जबकि दूसरी को चंडीगढ़ से चोरी करने की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने हत्याकांड का बदला लेने की योजना स्वीकार की है। पांचों के खिलाफ थाना तितरम में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

Next Story