
x
ठगी बैंक खाते बेचने
गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में 13.80 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। निवेश के नाम पर हुई करोड़ों रुपये की ठगी की जांच अब कथित चीनी साइबर ठग नेटवर्क तक पहुंच गई है। गुरुग्राम पुलिस की स्पेशल साइबर क्राइम यूनिट ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी टेलीग्राम के जरिए विदेशी साइबर ठगों के संपर्क में थे और ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराते थे।
पुलिस के मुताबिक, साइबर क्राइम थाना पूर्व में 4 नवंबर 2024 को एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि निवेश में मोटे मुनाफे का लालच देकर उससे करीब 13 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी की गई। मामले की जांच स्पेशल साइबर क्राइम यूनिट सेक्टर-56 को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
टेलीग्राम ग्रुप से चल रहा था साइबर ठगी का खेल
जांच में सामने आया कि आरोपी टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से कथित चीनी साइबर ठगों के संपर्क में थे। आरोपी बैंक खातों की जानकारी उपलब्ध कराते थे, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम लेने और आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क में शामिल लोग क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भी भुगतान लेते थे। पुलिस ने जिन पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें नीरज, सूरज सरोज, सुरजीत कुमार उर्फ मानस, प्रशांत शर्मा और तेज प्रताप सिंह शेखावत शामिल हैं। आरोपियों को दिल्ली, देहरादून और शिमला क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस ने इनके कब्जे से छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी तकनीकी जांच की जा रही है।
बैंक खाते बेचकर पहुंचाते थे ठगी की रकम
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी बैंक खातों की खरीद-फरोख्त में शामिल थे। एक खाते को अलग-अलग लोगों के जरिए आगे बेचा गया और बाद में उसका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को प्राप्त करने के लिए किया गया। जांच में एक बैंक खाते में ठगी की रकम के करीब पांच लाख रुपये पहुंचने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सुरजीत कुमार टेलीग्राम के जरिए एक विदेशी संपर्क के माध्यम से अलग-अलग ग्रुपों में जुड़ा था। वह इन ग्रुपों में बैंक खातों की जानकारी साझा करता था और बदले में भुगतान प्राप्त करता था। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को खाते उपलब्ध कराता था।
अब तक 40 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि इस मामले में अब तक कुल 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क, बैंक खातों की श्रृंखला, क्रिप्टो लेनदेन और विदेशी साइबर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग ऐप के जरिए चल रहे गिरोहों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश के नाम पर मिलने वाले आकर्षक ऑफर से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
Next Story





