
रोहतक न्यूज़: महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय नशाखोरी की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यूनिवर्सिटी आउटरिच प्रोग्राम के जरिए इस अभियान से एमडीयू तथा संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों समेत गांव प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, नागरिक एवं आमजन को भी जोड़ा जाएगा। इसको लेकर एमडीयू कुलपति तथा यूनिवर्सिटी आउटरिच प्रोग्राम के अध्यक्ष प्रो. राजबीर सिंह की अध्यक्षता में यूनिवर्सिटी आउटरिच कार्यक्रम की एडवाइजरी कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया। कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को विभिन्न व्यसनों से बचाने तथा स्वस्थ जीवन शैली से जोड़ने में यूनिवर्सिटी आउटरिच सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा नशाखोरी की रोकथाम के साथ-साथ पर्यावरण सुरक्षा, पौधारोपण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य समेत अन्य सामाजिक सरोकारों से भी विद्यार्थियों को जोडऩे का कार्य यूनिवर्सिटी आउटरिच द्वारा किया जाएगा।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति- एनईपी 2020 में भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जोडऩे पर बल दिया गया है। इस दिशा में आगे कदम बढ़ाते हुए एमडीयू विश्वविद्यालय तथा संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को उनके सामाजिक सरोकारों से जोड़ने की दिशा में योजनाबद्ध ढंग से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक मुद्दों के साथ-साथ ग्रामीण अंचल में युवाओं को शिक्षा एवं कॅरियर बारे में भी जागरूक किया जाएगा। साथ ही उनके कौशल विकास को भी केन्द्र में रखकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमडीयू एवं संबद्ध कॉलेज गोद लिए गांवों के साथ-साथ आसपास के गांवों में कार्यक्रम का आयोजन करेंगे।





