लुवास की जीत का सिलसिला जारी, एमडीयू रोहतक को चार विकेट से हराया

हिसार: जम्मू में आयोजित 22वें ऑल इंडिया वाइस चांसलर टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार की क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टूर्नामेंट के तीसरे लीग मुकाबले में लुवास ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक को चार विकेट से पराजित कर लगातार तीसरी जीत अपने नाम की। इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।
जम्मू यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन और बल्लेबाजों की उपयोगी पारियों ने लुवास को जीत दिलाई। विशेष रूप से अमित कुमार (एके-47) की घातक गेंदबाजी एमडीयू रोहतक के बल्लेबाजों पर भारी पड़ी। उन्होंने महज 10 रन खर्च कर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए और विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।
मुकाबले में टॉस जीतकर एमडीयू रोहतक ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, लुवास के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही कसी हुई गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। निर्धारित 20 ओवर में एमडीयू की टीम नौ विकेट गंवाकर केवल 114 रन ही बना सकी।
लुवास की ओर से अमित कुमार ने चार ओवर के अपने स्पेल में सिर्फ 10 रन देकर चार विकेट चटकाए। उनकी सटीक गेंदबाजी ने एमडीयू की बल्लेबाजी को खुलकर खेलने का अवसर नहीं दिया। वहीं डॉ. प्रवीण सांगवान ने दो विकेट हासिल कर टीम की स्थिति और मजबूत कर दी। कप्तान विकास खरब तथा संजू खान ने भी एक-एक विकेट लेकर विपक्षी बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा।
115 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लुवास की टीम ने संयम के साथ बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। हालांकि लक्ष्य तक पहुंचने के दौरान टीम के छह विकेट गिर गए, लेकिन बल्लेबाजों ने जरूरी रन जुटाकर जीत सुनिश्चित कर दी।





