
सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। खरखौदा क्राइम यूनिट की टीम ने सांपला-खरखौदा हाईवे-334बी पर रोहणा के पास एक कार को रोककर भारी मात्रा में शराब बरामद की। पुलिस ने कार सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शराब चंडीगढ़ से गुजरात ले जाई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक टीम को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद हाईवे पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान सफेद रंग की एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में शराब मिली। कार से कुल 2304 पव्वे शराब बरामद किए गए हैं। पुलिस ने जब कार सवार दोनों युवकों से शराब से संबंधित वैध परमिट, बिल या अन्य दस्तावेज मांगे तो वे संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर शराब और कार को कब्जे में ले लिया गया।





