हरियाणा

नागौर में शराब तस्करी का खुलासा, चावल के कट्टों के पीछे मिलीं 132 पेटियां

Admindelhi1
9 Oct 2026 3:23 PM IST
नागौर में शराब तस्करी का खुलासा, चावल के कट्टों के पीछे मिलीं 132 पेटियां
x
चावल के कट्टों के पीछे शराब की खेप, 132 पेटियां पकड़ी गईं

नागौर: पंचायत राज चुनाव से पहले पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़कर तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया। सदर थाना पुलिस ने अमरपुरा के पास नाकेबंदी के दौरान एक ट्रेलर को रुकवाया। बाहर से ट्रेलर में चावल के कट्टे दिखाई दे रहे थे, लेकिन पुलिस को शक हुआ तो तलाशी शुरू की गई।

चावल के कट्टों को हटाते ही उनके पीछे शराब की पेटियां छिपी मिलीं।

पुलिस ने ट्रेलर से 132 पेटियां अवैध शराब बरामद की। शराब दो अलग-अलग ब्रांड की बताई जा रही है। पुलिस ने शराब से भरे ट्रेलर को जब्त करते हुए मामले में दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। सदर थाना अधिकारी किताब चौधरी के अनुसार गुरुवार दोपहर अमरपुरा के पास पुलिस टीम नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रेलर को रोककर तलाशी ली गई। ट्रेलर में ऊपर से चावल के कट्टे भरे हुए थे।

पुलिस को कुछ संदेह हुआ तो कट्टों को हटाकर अंदर की जांच की गई। इसके बाद चावल की आड़ में छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां सामने आ गईं।

पुलिस ने मामले में प्रतिम और सतीश को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित हरियाणा के चरखी दादरी जिले के बाढड़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शराब की यह खेप हरियाणा से गुजरात के मोरबी ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से रवाना हुई थी और इसे गुजरात में किसे पहुंचाया जाना था।

Next Story