हरियाणा

सत्ता-विपक्ष के नेता एक मंच पर, पंचकूला में जुटेंगे वर्तमान और पूर्व विधायक

nidhi
2 Nov 2026 9:31 AM IST
सत्ता-विपक्ष के नेता एक मंच पर, पंचकूला में जुटेंगे वर्तमान और पूर्व विधायक
x
हरियाणा की सियासत का खास संगम
पंचकूला: हरियाणा की राजनीतिक विरासत, विकास यात्रा और भविष्य की दिशा पर संवाद के लिए वर्तमान और पूर्व विधायकों को एक मंच पर लाने की तैयारी है। हरियाणा विधानसभा की ओर से 2 नवंबर को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में जनप्रतिनिधि सम्मेलन निर्धारित है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को उद्घाटन सत्र और राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष को समापन सत्र का मुख्य अतिथि बनाया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित प्रदेश के वर्तमान और पूर्व विधायकों को आयोजन में आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन विधानसभा के संविधान पखवाड़े का हिस्सा है।
सम्मेलन की खासियत अलग-अलग दौर में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाले नेताओं के बीच संवाद होगी। लंबे सार्वजनिक जीवन का अनुभव रखने वाले पूर्व विधायक और मौजूदा जनप्रतिनिधि प्रदेश की प्रगति से जुड़े विषयों पर विचार साझा करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा करना है। विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखने के लिए 31 वर्तमान और पूर्व विधायकों ने इच्छा जताई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 10 बजे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाना निर्धारित है। इसके बाद जनप्रतिनिधियों का सामूहिक छायाचित्र लिया जाएगा। पहला सत्र सुबह 10 बजकर 25 मिनट पर शुरू होना है। विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के स्वागत संबोधन के बाद नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के संबोधन का क्रम रखा गया है। संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा धन्यवाद ज्ञापित करेंगे।
दोपहर के सत्र में चर्चा का केंद्र हरियाणा की विकास यात्रा और विकसित प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने में जनता की भागीदारी होगी। इसके साथ नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने में निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर भी विचार रखे जाएंगे। सम्मेलन का विषय प्रदेश की उपलब्धियों को समझने के साथ भविष्य की जरूरतों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों को व्यापक संवाद से जोड़ता है। इस आयोजन की रूपरेखा में सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों के प्रतिनिधियों के संबोधन शामिल हैं। उद्घाटन सत्र में नेता प्रतिपक्ष और मुख्यमंत्री को अपनी बात रखने का अवसर दिया गया है। वहीं समापन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अभय सिंह चौटाला और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन निर्धारित हैं। शाम पांच बजे शुरू होने वाले समापन सत्र में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष का मुख्य संबोधन प्रस्तावित है।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विधानसभा सचिवालय और राज्य सरकार के अधिकारियों के बीच बैठकें भी हुई हैं। इनमें आयोजन स्थल की व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत, प्रतिभागियों के पंजीकरण और यातायात प्रबंधन जैसे विषयों की समीक्षा की गई। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा करते हुए कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन से संबंधित प्रबंधों का जायजा लिया। विधानसभा की ओर से संविधान पखवाड़े के अंतर्गत संसदीय प्रणाली, लोकतांत्रिक परंपराओं और संविधान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। जनप्रतिनिधि सम्मेलन इसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण आयोजन है। इसके जरिए जनप्रतिनिधियों के अनुभव और विचारों को संवैधानिक जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Next Story