किरायेदार का सत्यापन नहीं कराया तो फंस सकते हैं मकान मालिक, पुलिस ने जारी की चेतावनी

नारनौल: हरियाणा के नारनौल में अब बिना पुलिस सत्यापन किरायेदार रखना मकान मालिकों को भारी पड़ सकता है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने मकान मालिकों और आमजन से अपील की है कि घर, दुकान या अन्य परिसर किराये पर देने से पहले किरायेदार का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने मंगलवार को बताया कि किरायेदार की पहचान, स्थायी पते और पृष्ठभूमि की जांच कराना सुरक्षा के लिहाज से बेहद जरूरी है। कई बार आपराधिक प्रवृत्ति के लोग दूसरे शहरों और राज्यों में वारदात करने के बाद पहचान छिपाकर किराये के मकानों में रहने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व किराये के परिसरों का इस्तेमाल अपराध की योजना बनाने और वारदातों की रेकी करने के लिए भी कर सकते हैं। ऐसे मामलों में पुलिस सत्यापन से संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने में मदद मिलती है।
पुलिस के अनुसार, किरायेदार का सत्यापन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कराया जा सकता है। केवल पहचान पत्र लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि संबंधित पुलिस थाने में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सत्यापन करवाना भी जरूरी है। एसपी ने नागरिकों से इस प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाने की अपील की है।





