हरियाणा

लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी, केस दर्ज

Kajal Dubey
2 Jun 2022 3:13 PM IST
लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी, केस दर्ज
x
एक व्यक्ति से लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी
इंद्री। वार्ड 13 निवासी एक व्यक्ति से लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार वार्ड 13 निवासी नछतर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह इंद्री नगरपालिका में सफाई कर्मचारी है। जनवरी 2021 में उसकी मुलाकात कैथल निवासी गुरमेल व राजू से हुई। दोनों ने उसका बैंक से लोन करवाने की बात कही। लोन करवाने की एवज में दोनों ने नछतर सिंह से उसका वोटर कार्ड, आधार कार्ड, हस्ताक्षरित चेक व अन्य दस्तावेज ले लिए।
इसके बाद उन्होंने नछतर सिंह का पाई (कैथल) के एसबीआई से 3 लाख 50 हजार रुपये का लोन करवा दिया। लोन की राशि नछतर के खाते में आई तो उसने ग्राहक सेवा केंद्र इन्द्री में आधार कार्ड द्वारा अपने खाते से 20 हजार रुपये निकलवा लिए। आरोप है कि नछतर ने लोन दिलाने के एवज में जो चेक दिए थे, दोनों आरोपियों ने इनके जरिए 3 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। जब नछतर ने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे तो नहीं दिए। थाना प्रभारी सतपाल सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Next Story