हरियाणा

Kurukshetra: फायरिंग मामले में पूर्व मंत्री का बेटा पकड़ा गया

Admindelhi1
31 March 2026 3:38 PM IST
Kurukshetra: फायरिंग मामले में पूर्व मंत्री का बेटा पकड़ा गया
x

कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में पंजाब के एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गगनजोत संधू निवासी गुमथला गढ़ू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई 12 बोर बंदूक भी बरामद कर ली है। आरोपी के पिता जसविंद्र सिंह संधू हरियाणा सरकार में कृषि मंत्री रह चुके हैं।

पुलिस के अनुसार प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह उर्फ सन्नी निवासी अर्बन स्टेट पटियाला (पंजाब) ने थाना सदर पिहोवा में दी शिकायत में बताया कि उसने हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 के पास हरकीरत सिंह से करीब एक एकड़ जमीन ठेके पर ली हुई है। इस जमीन पर वह अपने एनजीओ ‘उदय वेलफेयर सोसायटी’ का कार्यालय बनवा रहा था।

निर्माण कार्य के दौरान चलाई गोली

संदीप सिंह ने बताया कि 29 मार्च को वह अपने भाई के साथ जमीन पर चिनाई का काम करवा रहा था। शाम करीब 4:30 बजे गगनजोत संधू बंदूक लेकर मौके पर पहुंचा और उस पर फायर कर दिया। गोली उसके पैर में लगी। उसके साथियों ने तुरंत उसे इलाज के लिए पिहोवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

आरोपी को भेजा गया जेल

मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी गगनजोत संधू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे घटनास्थल की निशानदेही भी करवाई और मौके से एक खोल बरामद किया। बाद में आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।

आरोपी का दावा- मेरे खेत में बनाई दीवार

दूसरी ओर आरोपी गगनजोत संधू की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत भी सामने आई है। इसमें उसने आरोप लगाया कि संदीप सिंह ने करीब 25 फुट तक दीवार उसके खेत की जमीन में बना दी थी। उसने इस बारे में जमीन के मालिक हरकीरत सिंह को भी जानकारी दी थी और संदीप को निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा था। आरोप है कि इसके बावजूद उसकी गैरमौजूदगी में दीवार बना दी गई। आरोपी ने संदीप के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।

Next Story