हरियाणा

Kurukshetra: किसान से बाइक छीनी, कुरुक्षेत्र में घटना पर जांच जारी

Admindelhi1
22 Dec 2025 5:45 PM IST
Kurukshetra: किसान से बाइक छीनी, कुरुक्षेत्र में घटना पर जांच जारी
x

कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब सरेआम लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। ताजा मामला शहर के देवी लाल पार्क क्षेत्र का है, जहां दो नकाबपोश बदमाशों ने एक किसान को डराकर उसकी मोटरसाइकिल छीन ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार बीड़ मथाना निवासी कुलविंदर सिंह खेती-बाड़ी का काम करता है। वह अपनी मोटरसाइकिल पर किसी काम से कुरुक्षेत्र आया हुआ था। काम निपटाने के बाद वह सेक्टर-2 से होते हुए देवी लाल पार्क के पश्चिमी गेट की ओर से अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह शाम करीब साढ़े छह बजे पार्क के दक्षिणी गेट से थोड़ा आगे पार्किंग के पास पहुंचा, तभी अचानक पार्क से निकलकर दो युवक उसके सामने आ गए। दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे सफेद कपड़ों से ढक रखे थे। उन्होंने ऊंची आवाज में “मोटरसाइकिल रोको-रोको” कहते हुए कुलविंदर सिंह को धमकाया। जब युवक ने बाइक रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने उसे जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद बदमाश उसकी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने बताया कि बाइक की आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) भी मोटरसाइकिल में ही रखी हुई थी। घटना के बाद उसने तुरंत डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि शहर के सार्वजनिक स्थानों और पार्कों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।

Next Story