हरियाणा

Kullu: चालक की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना, HRTC बस के ब्रेक फेल, 46 घायल

Admindelhi1
29 Aug 2026 10:29 AM IST
Kullu: चालक की सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना, HRTC बस के ब्रेक फेल, 46 घायल
x
HRTC बस के ब्रेक फेल होने से मचा हड़कंप, चालक ने टाला बड़ा हादसा

कुल्लू: कुल्लू जिला के भेखली धार के पास कटाहर में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चालक की सूझबूझ और साहसिक निर्णय से बस को खाई में गिरने से बचा लिया गया। हादसे में करीब 46 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार बस व्यासार से कुल्लू की ओर आ रही थी। कटाहर के पास पहुंचते ही चालक को बस के ब्रेक फेल होने का आभास हुआ। चालक ने घबराने के बजाय तत्काल आगे बैठे यात्रियों को खतरे के बारे में सचेत किया और बस को नीचे खाई की ओर जाने से रोकने के लिए उसे अचानक पहाड़ी की तरफ मोड़ दिया। इससे बस खाई में गिरने से बच गई। हालांकि, इस दौरान चालक स्वयं गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यदि बस अनियंत्रित होकर नीचे की ओर चली जाती तो गहरी ढलान और खाई के कारण हादसा बेहद भीषण हो सकता था। चालक के त्वरित निर्णय से बस में सवार कई लोगों की जान बच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिला प्रशासन ने भी तत्परता दिखाते हुए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में आवश्यक व्यवस्थाएं कीं। एसडीएम जयवंती, तहसीलदार अनिल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी रंजीत ठाकुर, एमएस हीरा लाल बौद्ध और एएसपी मनमोहन सिंह पुलिस दल के साथ अस्पताल और दुर्घटनास्थल पर पहुंचे।

प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार के लिए विशेष प्रबंध किए गए। प्रत्येक घायल को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपये की राशि प्रदान की गई।

बस में महिलाओं की संख्या काफी अधिक बताई जा रही है। रक्षाबंधन के पर्व के चलते कई महिलाएं अपने भाइयों को राखी बांधकर वापस लौट रही थीं, जबकि कुछ महिलाएं राखी बांधने के लिए अपने गंतव्य की ओर जा रही थीं।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे को लेकर घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Next Story