हरियाणा

Kaithal: कैथल कॉलोनियों का विषय विधानसभा में उठा

Admindelhi1
18 March 2026 2:31 AM IST
Kaithal: कैथल कॉलोनियों का विषय विधानसभा में उठा
x

कैथल: हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने जिले की अनधिकृत कॉलोनियों और आम लोगों से जुड़ी बुनियादी समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाया। अपने अभिभाषण के दौरान उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि अनधिकृत कॉलोनियों को रेगुलराइज करने की बात तो की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर उन कॉलोनियों की अनदेखी हो रही है, जहां एससी-बीसी और आम वर्ग के लोग रहते हैं।

विधायक ने कैथल की कई अनधिकृत कॉलोनियों का नाम लेते हुए सरकार को घेरा और कहा कि बलराज नगर, डिफेंस कॉलोनी पार्ट-2, रामनगर, बैंक कॉलोनी, भगत सिंह कॉलोनी (गली नंबर 3 व 4), पुरानी अनाज मंडी क्षेत्र, रैली गोदाम, सिरटा रोड, अर्जुन नगर, बाल सेठ कॉलोनी, डीएवी कॉलोनी, मायापुरी कॉलोनी, करण विहार, शिव नगर और शक्ति नगर जैसी कॉलोनियों में न तो रेगुलराइजेशन हो रहा है और न ही लोगों को मूलभूत सुविधाएं मिल पा रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में सीवरेज की समस्या गंभीर बनी हुई है और कई जगह गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। सुरजेवाला ने सरकार से मांग की कि इन कॉलोनियों को जल्द से जल्द नियमित किया जाए और यहां रहने वाले लोगों को सीवरेज, सड़क, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

विधायक ने कहा कि विकसित हरियाणा का दावा तभी सार्थक होगा, जब हर नागरिक को समान रूप से सुविधाएं मिलें और कोई भी कॉलोनी विकास से अछूती न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि वे कैथल के हर क्षेत्र के लोगों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी मजबूती से उठाते रहेंगे।

Next Story