हरियाणा

Kaithal: युवाओं के कौशल विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस

Admindelhi1
21 Sept 2026 6:31 PM IST
Kaithal: युवाओं के कौशल विकास और रोजगार पर सरकार का फोकस
x
कैथल में युवाओं के रोजगार को लेकर श्याम सिंह राणा का बयान

कैथल: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कैथल में सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेले में करीब दो दर्जन कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में 450 विद्यार्थियों का रोजगार के लिए चयन हुआ और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए। रोजगार मेले का कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने अवलोकन किया और कंपनियों के प्रतिनिधियों से चयन प्रक्रिया की जानकारी ली।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि युवाओं को अच्छी शिक्षा के साथ बेहतर कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। युवाओं के हाथ में हुनर होगा तो उनके लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

राणा ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं के पास कौशल, आत्मविश्वास और बदलती तकनीक की समझ होना भी जरूरी है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, विज्ञान, स्टार्टअप और अन्य नए क्षेत्रों में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार नए कौशल सीखने चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत और प्रतिभा के लिए है। प्रदेश के युवाओं ने शिक्षा, खेल, सेना, कृषि और उद्योग समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित की है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई को गंभीरता से लेने, अपने हुनर को पहचानने, नई तकनीक सीखने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

कृषि क्षेत्र का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि खेती को भी आधुनिक तकनीक और उद्यमिता से जोड़कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव और किसान तभी मजबूत होंगे, जब गांवों के युवा भी आगे बढ़ेंगे।

इससे पहले आईटीआई पहुंचने पर मंत्री श्याम सिंह राणा का एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार तथा आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी एवं प्रधानाचार्य सतीश मच्छाल ने स्वागत किया। मंत्री ने रोजगार मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी चयन प्रक्रिया और युवाओं के लिए उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी ली।

Next Story